
देहरादून और हरिद्वार को स्वच्छता के मॉडल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने पहल शुरू की है। दोनों शहरों को ‘PRAGATI-50’ पहल के तहत देश के 50 मॉडल शहरों में शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ठोस कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, इस्तेमाल किए गए पानी के प्रबंधन और नागरिक भागीदारी में सुधार करना है।
इस योजना के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारी संबंधित शहरों की नियमित निगरानी और मार्गदर्शन करेंगे। इसके लिए तकनीक आधारित मॉनिटरिंग और परिणाम आधारित समीक्षा की व्यवस्था की गई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल इन शहरों की प्रगति की समीक्षा हर दो महीने में करेंगे।
PRAGATI-50 के तहत चयनित 50 शहर 24 राज्यों में हैं। इनमें प्रमुख शहरों के साथ सांस्कृतिक, पर्यटन, तीर्थ और आर्थिक महत्व वाले शहरों को भी शामिल किया गया है। लक्ष्य इन शहरों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और दिखाई देने वाली स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है।



