
लक्सर में 30 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने मंगलवार शाम कोतवाली परिसर में खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी नारायण उर्फ नीटू बाइक से लक्सर कोतवाली पहुंचा था। बताया गया कि उसने पहले ही अपने शरीर और कपड़ों पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल रखा था। कोतवाली में पहुंचने के बाद उसने माचिस जलाकर खुद को आग लगा ली।
आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और कंबल डालकर आग बुझाई। इसके बाद उसे लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां वह 60 फीसदी से अधिक झुलसा मिला।
अस्पताल में तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी ने उसके बयान दर्ज किए। व्यक्ति ने रिश्तेदार के साथ 30 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद होने और रकम वापस न मिलने की बात कही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



