
टिहरी: छात्र संघ चुनाव में चेकिंग के लिए रोके जाने से नाराज छात्र ने संविदा कर्मचारी के सिर पर बोतल मार दी। घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में छात्र संघ चुनाव के दौरान ऋषिकेश निवासी बीए मास कॉम का छात्र रवि तिवारी मतदान के लिए पहुंचा था। कॉलेज गेट पर तैनात संविदा कर्मचारी अजय पुंडीर ने उसे चेकिंग के लिए रोका था। बताया गया कि छात्र इस बात से नाराज था, हालांकि उस समय उसने कोई विरोध नहीं किया।
कॉलेज की छुट्टी के बाद अजय पुंडीर नरेंद्रनगर बाजार स्थित एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान छात्र वहां पहुंचा और होटल में रखी खाली बोतल उठाकर कर्मचारी के सिर पर मार दी। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा।
होटल में मौजूद लोगों ने छात्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। डॉक्टर के अनुसार कर्मचारी के सिर में काफी चोट आई है और उसका उपचार किया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



