
देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियरों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में बंद कमरे में जनरेटर चलने से जहरीली गैस जमा होने और दम घुटने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
घटना ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर की बताई जा रही है, जहां ईशान नेटसोल प्राइवेट लिमिटेड में 29 वर्षीय रोहित सिंह और 26 वर्षीय लव कुश इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। बताया गया कि 29 सितंबर की रात इंटरनेट में तकनीकी खराबी और बिजली गुल होने के बाद दोनों जनरेटर चलाने के लिए कमरे में गए थे।
रात करीब 2:30 बजे दोनों ने कंपनी के वरिष्ठ इंजीनियर को फोन पर स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों जनरेटर और एसी चालू कर उसी कमरे में सो गए। बुधवार सुबह संपर्क नहीं होने पर एक सहकर्मी मौके पर पहुंचा। दरवाजा खोलने पर कमरे में धुआं भरा मिला और दोनों इंजीनियर बेहोशी की हालत में पड़े थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पटेलनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया बंद कमरे में जनरेटर से निकली जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत होने की आशंका है। हादसे के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



