उत्तराखंड: लॉन्ग वीकेंड पर देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में ट्रैफिक प्लान लागू, भीड़ बढ़ने पर होंगे रूट डायवर्ट

देहरादून। गांधी जयंती और शनिवार-रविवार की लगातार छुट्टियों को देखते हुए उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 2 से 4 अक्टूबर तक लागू रहेगी।
पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
मसूरी में पार्किंग की क्षमता 90 प्रतिशत तक भरने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा। इसके तहत पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से स्थानीय टैक्सियों के जरिए आगे भेजा जाएगा। पार्किंग पर अधिक दबाव होने की स्थिति में गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की ओर भी यातायात डायवर्ट किया जा सकता है।
ऋषिकेश में वाहनों का दबाव बढ़ने पर हरिद्वार और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास मार्ग से संचालित किया जाएगा। वहीं, शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम से बचने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात रहेगी।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और यात्रा के दौरान पुलिस के निर्देशों का पालन करें।



