
मिजोरम में आइजोल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सातेएक गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
मृतकों की पहचान आइजोल दूरदर्शन केंद्र के समाचार निदेशक नाम्पिबौ मारिनमाई, इंफाल स्थित प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. एंगम पामे और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के कर्मचारी एच. लियानवेला के रूप में हुई है। हादसे में घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिकारी सियालसुक से आइजोल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार सड़क से उतरकर खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शोक व्यक्त किया है। हादसे के बाद संबंधित विभागों में शोक की लहर है।



