देश
फरीदाबाद: खंडहर इमारत में 13 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन युवक गिरफ्तार

हरियाणा के फरीदाबाद में 13 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 24 अगस्त को ट्यूशन के बाद अपने 16 वर्षीय दोस्त से मिलने गई किशोरी और उसके दोस्त का छह युवकों ने पीछा किया। दोनों पास की एक खंडहर इमारत में पहुंचे, जहां आरोपियों ने उन्हें धमकाकर किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों नाबालिग करीब एक महीने तक डर के कारण अपने परिजनों को कुछ नहीं बता सके। बाद में किशोरी ने अपनी मां को आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
बीपीटीपी थाना पुलिस ने 29 सितंबर को मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सामूहिक दुष्कर्म के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है।



