
उत्तराखंड के कोटद्वार में व्यापारी से मारपीट और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को एसडीएम न्यायालय से जमानत मिल गई है। उन्हें दो जमानतियों के साथ डेढ़ लाख रुपये के मुचलके पर रिहा किया गया।
यह मामला गंगादत्त जोशी मार्ग पर कपड़ा व्यापारी संजीव टांक की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर टिप्पणी के बाद दीपक कथित तौर पर व्यापारी की दुकान पर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी।
एसडीएम न्यायालय ने जमानत देते हुए दीपक को अगले छह महीने तक शांति व्यवस्था भंग नहीं करने की चेतावनी दी है। अदालत ने कहा कि इस अवधि में किसी घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। मामले के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ाई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



