
उत्तराखंड में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए स्कूलों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा जनजागरूकता अभियान 2026-27 शुरू किया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत 60 मुख्य प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये प्रशिक्षक प्रदेश के 13 जिलों में 780 शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद शिक्षक स्कूलों में विद्यार्थियों और अभिभावकों तक हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों और सुरक्षित यातायात व्यवहार से जुड़े जरूरी संदेश पहुंचाएंगे।
स्कूलों में सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान वाद-विवाद, भाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई जाएगी। साथ ही स्कूलों में सड़क सुरक्षा कोने और सड़क सुरक्षा समूह विकसित किए जाएंगे।



