
टिहरी के देवप्रयाग संगम तट पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। झारखंड से आए तीर्थयात्रियों के दल में शामिल दो 24 वर्षीय युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। एक युवक के बहने पर उसे बचाने की कोशिश में उसका साथी भी गहरे पानी में चला गया। दोनों काफी दूर तक पानी में संघर्ष करते दिखाई दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद आंखों से ओझल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बोकारो के सेक्टर-9 स्टील सिटी निवासी आशुतोष और आयुष अपने साथियों के साथ देवप्रयाग पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियों और चेतावनी घेरे को पार कर आगे चले गए थे। जल पुलिस के जवानों ने उन्हें वापस लौटने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रहे हादसों को लेकर संगम तट पर सुरक्षा व्यवस्था और नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।



