
देहरादून: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड में भर्ती का नया अवसर आया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में समूह-ग के 78 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन 12 अक्तूबर से शुरू होंगे।
भर्ती के तहत पिटकुल में तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) के 37 पद हैं। वहीं, यूजेवीएनएल में तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) के 16 और तकनीशियन ग्रेड-2 (यांत्रिक) के 25 पद शामिल हैं। अभ्यर्थी 12 अक्तूबर से 25 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन का मौका 28 से 30 नवंबर तक दिया जाएगा। भर्ती परीक्षा अगले साल 14 मार्च को प्रस्तावित है।
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) के लिए विज्ञान और गणित विषयों के साथ 10वीं पास, इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई और दो वर्ष का अनुभव जरूरी है। तकनीशियन ग्रेड-2 (यांत्रिक) के लिए विज्ञान व गणित के साथ 10वीं पास, फिटर ट्रेड में आईटीआई और दो वर्ष का अनुभव मांगा गया है। दोनों पदों के लिए आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
100 अंकों की होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा 100 अंकों की बहुविकल्पीय होगी और इसके लिए दो घंटे का समय मिलेगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत, जबकि एससी और एसटी अभ्यर्थियों के लिए 35 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये तथा एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित है।



