
हैदराबाद में पिछले 10 दिनों के दौरान अलग-अलग होटलों के कमरों में तीन युवतियों की हत्या के मामले सामने आए हैं। घटनाओं के बाद पुलिस ने छोटे होटल और लॉज संचालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पुलिस ने खास तौर पर उन मामलों में सावधानी बरतने को कहा है, जहां कोई कपल होटल में कमरा लेने के बाद एक व्यक्ति अकेले बाहर निकल जाता है और वापस नहीं आता। फर्जी आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर कमरा बुक करने वालों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि होटल संचालक यदि आधार कार्ड या अन्य पहचान दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच किए बिना कमरा देते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। तेलंगाना होटल एसोसिएशन ने भी होटल संचालकों से दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करने की अपील की है।
मियापुर में मेडिकल छात्रा की हत्या: 27 वर्षीय मेडिकल छात्रा का शव 30 सितंबर को मियापुर के एक होटल के कमरे में मिला। पुलिस के अनुसार, वह सोशल मीडिया के जरिए रवि कुमार नामक व्यक्ति के संपर्क में आई थी। दोनों होटल में ठहरे थे, जिसके बाद रवि अकेला चला गया। पुलिस का कहना है कि तकिए से दम घोंटकर उसकी हत्या की गई। आरोपी फरार है।
एसआर नगर में बैंककर्मी की हत्या: 34 वर्षीय बैंक कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बी. सिरिशा का शव 29 सितंबर को होटल के कमरे में मिला। पुलिस के मुताबिक, वह अपने पार्टनर ए. श्रीनिवास के साथ ठहरी थी और दोनों ने कथित तौर पर फर्जी नाम व आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। श्रीनिवास होटल से निकलने के बाद फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि विवाद के दौरान सिर पर भारी वस्तु से हमला किया गया।
माधापुर में झारखंड की महिला की मौत: 22 सितंबर को झारखंड की 29 वर्षीय महिला को उसका दोस्त एस. रवि तेजा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, महिला के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। रवि के फरार होने के बाद पुलिस ने उसे विशाखापट्टनम से पकड़ा, जहां उसने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की थी।
लगातार सामने आए इन मामलों के बाद पुलिस ने होटल संचालकों को पहचान पत्रों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं।



