
देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में दिल्ली में सक्रिय नेपाली मूल के गैंग का नाम सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27,500 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर में काम करने के बहाने पहले परिवार का भरोसा जीता और फिर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश कर दिया। इसके बाद घर से जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए। मामले में भरत थापा समेत चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश सुनार (27) मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता था। पूछताछ में उसने बताया कि गैंग के सदस्य घरों में काम करने के बहाने रेकी करते थे। दिनेश अपनी टैक्सी से साथियों को वारदात वाली जगह तक पहुंचाता और घटना के बाद उन्हें वापस ले जाता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा मिलता था।
पुलिस ने बताया कि बसंत विहार की वारदात के बाद दिनेश को कथित तौर पर 50 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों भरत थापा, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स की तलाश में दबिश दे रही है।



