
उत्तराखंड में पोस्ट मानसून बारिश के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।
बारिश के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान तेजी से गिर सकता है और इस बार अक्तूबर में ही सामान्य गुलाबी ठंड के बजाय कड़ाके की ठंड का अहसास होने के संकेत हैं। इसका असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को देहरादून समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। देहरादून में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सहस्रधारा में 47.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग ने सात अक्तूबर को देहरादून समेत अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।



