
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी पहुंचे। जोशियाड़ा हेलीपैड पहुंचने के बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वह रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में काशी विश्वनाथ और मां शक्ति मंदिर को जोड़कर कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थाओं को उनके घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।



