
रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में वापस लौटी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बरेली निवासी परिवार कलियर में हाजिरी देने आया था और रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। घटना के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने गए थे। बच्ची के लापता होने के बाद आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की गई, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चला।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ और चेकिंग शुरू कर दी है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।



