
दिल्ली के राणा प्रताप बाग इलाके में एक कारोबारी के घर हुई करीब 35 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भारत नगर थाना पुलिस ने मामले में घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है और चोरी हुए गहने, विदेशी मुद्रा समेत पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, परिवार के बाहर जाने के दौरान घरेलू सहायिका ने कमरे की खिड़की खोलकर तिजोरी बाहर निकाली और उसे कपड़े में लपेटकर पार्किंग में खड़ी कार के पीछे छिपा दिया। इसके बाद वह ऑटो से वहां से चली गई। परिवार के लौटने पर तिजोरी गायब मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस को घरेलू सहायिका की गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आई और उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के बाद भी परिवार के यहां काम करना जारी रखा था ताकि किसी को उस पर शक न हो।



