उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका: UKPSC ने कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 पदों पर निकाली भर्ती, आवेदन शुरू

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केंद्रीकृत) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक (Tax and Revenue Inspector) के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 4 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 12 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही, आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 के अनुसार 21 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 166.36 रुपये, एससी/एसटी वर्ग के लिए 76.36 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 16.36 रुपये निर्धारित किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।



