उत्तराखंड

बदरीनाथ हाईवे पर तीन घंटे तक थमा यातायात, जाम में फंसे रहे हजारों श्रद्धालु

Listen to this News

चमोली: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के समीप स्थित भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में गुरुवार को करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जा रहे हजारों श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार मौसम सामान्य होने पर दोपहर करीब एक बजे चट्टानों पर फंसे विशाल बोल्डरों को हटाने का कार्य शुरू किया गया, जो शाम चार बजे तक चलता रहा। सुरक्षा कारणों से इस दौरान बार-बार यातायात रोका गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

जाम में सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हुई। कई श्रद्धालु घंटों तक वाहनों में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में आसपास कोई दुकान न होने के कारण यात्रियों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं हो सका, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया है कि भूस्खलन क्षेत्र में बोल्डर और मलबा हटाने का कार्य दिन के बजाय रात में किया जाए, ताकि चारधाम यात्रा प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सके। वहीं प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button