उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, मैदानी इलाकों में लू और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी

उत्तराखंड में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने और लू जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पौड़ी समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी और शुष्क मौसम के कारण देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। किसानों को फसलों की नियमित सिंचाई करने और लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।



