उत्तराखंड

मंच से गाली देने वाले गायक मासूम शर्मा पर पुलिस सख्त, बयान दर्ज कराने में कर रहे आनाकानी

Listen to this News

देहरादून: डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दून पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बयान दर्ज कराने को तलब किया है, लेकिन वह लगातार देहरादून आने से बच रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, डालनवाला थाने में मासूम शर्मा के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। जांच के तहत पुलिस उनका पक्ष जानना चाहती है, लेकिन कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वह बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे। पहले उनके भाई ने व्यस्तता का हवाला देकर समय मांगा था, इसके बाद भी उन्होंने अतिरिक्त मोहलत की मांग की।

यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब डीएवी कॉलेज के एक कार्यक्रम में गायक का गाली देते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद प्रदेशभर में लोगों ने नाराजगी जताई और देवभूमि की सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें पहले धमकी मिली थी और तनाव की स्थिति में उनके मुंह से आपत्तिजनक शब्द निकल गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि यदि उन्हें धमकी मिली थी तो इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दी जानी चाहिए थी।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और गायक को दोबारा नोटिस भेजा जाएगा। यदि वह फिर भी पेश नहीं होते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button