किच्छा से खटीमा तक दौड़ेगी नई रेल: 350.85 करोड़ की परियोजना से सीमांत क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार

ऊधम सिंह नगर के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर पूर्वी रेलवे ने किच्छा–खटीमा नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 57.7 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्वीकृत लागत 350.85 करोड़ रुपये तय की गई है। यह रेल लाइन किच्छा को सीमांत क्षेत्र खटीमा से सीधे जोड़ते हुए क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी।
रेलवे की आधिकारिक सूची के अनुसार, परियोजना में 122.45 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय, 20 करोड़ रुपये विशेष निधि और 208.40 करोड़ रुपये डिपॉजिट मद के अंतर्गत खर्च किए जाएंगे। इस नई लाइन के बनने से स्थानीय यात्रियों, कारोबारियों और किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
खास बात यह है कि खटीमा जैसे सीमांत क्षेत्र तक मजबूत रेल कनेक्टिविटी पहुंचने से औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और कृषि क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे पूरे तराई क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके लिए तकनीकी सर्वे, भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। सभी जरूरी मंजूरियां पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।



