देश

चंडीगढ़ में बड़ा धमाका: सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर स्कूटी में ब्लास्ट, पूरे शहर में हाई अलर्ट

Listen to this News

चंडीगढ़ में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे कार्यालय के बाहर खड़ी संदिग्ध स्कूटी में विस्फोट हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और भाजपा कार्यालय के भीतर भी कोई बड़ा नुकसान नहीं बताया गया है। हालांकि धमाके के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई।

चंडीगढ़ की एसएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाने शुरू कर दिए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि स्कूटी वहां किसने खड़ी की और धमाके के पीछे कौन है, इसका पता लगाया जा सके।

घटना के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। संवेदनशील सरकारी और राजनीतिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button