राघव चड्ढा को केंद्र सरकार ने दी Z श्रेणी सुरक्षा, IB की थ्रेट रिपोर्ट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को केंद्र सरकार की ओर से Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह निर्णय खुफिया ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा बढ़ाने का आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार, अब राघव चड्ढा को दिल्ली और पंजाब दोनों स्थानों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। वहीं, तत्काल प्रभाव से दिल्ली पुलिस को उनकी सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं, जब तक केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो जाती।
सूत्रों के मुताबिक, यह कदम उनकी सुरक्षा को लेकर बढ़ी संभावित खतरे की आशंका के चलते उठाया गया है। सुरक्षा श्रेणी के तहत Z कैटेगरी में 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं, जिनमें प्रशिक्षित कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में AAP के भीतर चल रहे राजनीतिक तनाव और आंतरिक विवादों के बीच यह फैसला आया है, जिससे राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।



