Blog

ऋषिकेश: उड़ीसा जेल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी सफलता

Listen to this News

ऋषिकेश में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। उड़ीसा के कटक जिला कारागार से फरार एक लाख रुपये के इनामी आरोपी राजा साहनी को देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने इंद्रमणि बडोनी चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 2 अक्टूबर 2025 को कटक जेल से फरार हुआ था। वह डकैती और दो हत्याओं के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद था। जेल से भागने के लिए उसने एक अन्य कैदी के साथ कोठरी की लोहे की छड़ें काटीं और कंबल को रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांद दी थी। इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

बुधवार सुबह उड़ीसा पुलिस को आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में मिली। इसके बाद कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और उड़ीसा पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसका पीछा शुरू किया। दोपहर करीब ढाई बजे ढालवाला रोड पर सुमन पार्क के पास एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिसमें एक महिला सहित चार लोग सवार थे। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में होते ही उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब कार में सवार अन्य तीन लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को अंतरराज्यीय समन्वय और सतर्क निगरानी का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button