उत्तराखंड

टिहरी: ग्राम प्रधान और वन दरोगा समेत तीन लोगों पर भालू का हमला, लड़कर बचाई जान; एम्स ऋषिकेश में भर्ती

Listen to this News

टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक से मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। सुल्याधार के नीचे थापली तोक क्षेत्र में भालू की गतिविधियों का जायजा लेने गए ग्राम प्रधान, वन दरोगा और एक ग्रामीण पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और विनोद सिंह रावत जंगल में भालू की गतिविधियों को देखने गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। तीनों ने काफी देर तक साहस के साथ भालू का मुकाबला किया और आखिरकार उसे वहां से भगाने में कामयाबी हासिल की। हालांकि इस संघर्ष में उनके शरीर पर नाखूनों से गहरे जख्म हो गए।

हमले की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को कंडी और कंधों के सहारे सड़क तक लाया गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में एक महिला पर भी भालू ने हमला किया था, जिसका इलाज अभी भी एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button