देहरादून में उरेडा की महिला प्रोजेक्ट मैनेजर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

देहरादून: उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) में तैनात प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश्वरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना बसंत विहार थाना क्षेत्र की है, जहां महिला अधिकारी की मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और साजिश के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका की बहन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से पति, सास और अन्य परिजन लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पति पर मारपीट करने, बार-बार तलाक की धमकी देने और गहने व शैक्षणिक दस्तावेज अपने कब्जे में रखने के आरोप भी लगाए गए हैं। लगातार तनाव के कारण राजेश्वरी मानसिक दबाव में रहने लगी थीं।
परिजनों के मुताबिक, 5 अप्रैल की सुबह पति ने फोन कर फंदा लगाकर आत्महत्या की सूचना दी, लेकिन परिवार ने इसे संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मृतका की एक छोटी बेटी को लेकर भी ससुराल पक्ष की ओर से दबाव और धमकियां दी जाती थीं।
बसंत विहार थाना पुलिस ने पति पीयूष सिंह, जेठ और सास समेत अन्य परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



