उत्तराखंड

अप्रैल में लौटी दिसंबर जैसी ठंड: चकराता में सीजन की पांचवीं बर्फबारी, उत्तराखंड में बढ़ी ठिठुरन

Listen to this News

उत्तराखंड में अप्रैल के महीने में एक बार फिर दिसंबर जैसी ठंड लौट आई है। चकराता की ऊंची पहाड़ियों पर बुधवार को इस सीजन की पांचवीं बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे मौसम ने अचानक करवट ले ली। देवबन, खड़म्बा, दुरानी, कांवतालानी और मोयला टॉप समेत ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह करीब 11 बजे बर्फ के फाहे गिरने लगे। बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई।

चकराता में मौसम के इस बदले मिजाज का असर मैदानी इलाकों तक भी साफ दिख रहा है। देहरादून समेत कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले 24 घंटे तक खराब मौसम बने रहने की संभावना है।

अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं सेब बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है। पहले हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच चुका है और अब लगातार बर्फबारी से बागवानी पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में इतनी ठंड और बर्फबारी ने कई साल पुराने रिकॉर्ड की याद दिला दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button