उत्तराखंड: मानसून खत्म होते ही युद्धस्तर पर होंगी सड़कों की मरम्मत, सीएम धामी करेंगे स्थलीय निरीक्षण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही राज्यभर में सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं।
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सड़कों के सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाली सड़कें भी शामिल हैं।
सीएम धामी ने कहा कि जिन सड़कों के रखरखाव की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके सुधार के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही स्थानीय निकायों को शहरी क्षेत्रों की सड़कों के सुधार के लिए भी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभी से तैयारियां पूरी करने और टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा, ताकि मानसून समाप्त होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में किसी तरह की देरी न हो।
अक्टूबर से सीएम करेंगे सड़क मार्ग से दौरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से दौरा करेंगे। इस दौरान सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।



