नानकमत्ता में भीषण सड़क हादसा, शिक्षक समेत दो लोगों की मौत; कई घायल

ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चंपावत निवासी शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, चंपावत के माडली निवासी शिक्षक संजय पांडे अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने हल्द्वानी गए थे। देर रात लौटते समय नानकमत्ता के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फॉर्च्यूनर सवार एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि वह भजन गायकी के लिए भी काफी प्रसिद्ध थे।



