उत्तरकाशी में भीषण जंगल की आग ने मचाई तबाही, हाईवे तक पहुंची लपटें, गेस्ट हाउस से 70 यात्री सुरक्षित निकाले

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में जंगल की भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बड़ेथी क्षेत्र में लगी आग तेजी से फैलते हुए बस्ती और हाईवे तक पहुंच गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें सड़क के बेहद करीब पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग के खतरे को देखते हुए पास स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे करीब 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण जंगलों में आग तेजी से फैल रही है। दमकल विभाग और वन विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तराखंड में इस साल जंगल की आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पर्यावरण के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। कई इलाकों में वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।



