उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी नई बैंकिंग सुविधा, 34 नई सहकारी बैंक शाखाएं खोलने को मंजूरी

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य के विभिन्न जिलों में जिला सहकारी बैंक (DCB) की 34 नई शाखाएं खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इन नई शाखाओं के खुलने से किसानों, स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सहकारिता विभाग के अनुसार, विभिन्न जिलों से कुल 41 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 34 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। नई शाखाएं अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और चमोली समेत कई जिलों में खोली जाएंगी।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं और नई शाखाओं के शुरू होने से बैंकिंग नेटवर्क का और विस्तार होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
सरकार का कहना है कि इन शाखाओं के संचालन के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अनुमति मिलते ही नई शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।



