देहरादून: ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का सीएम आवास घेराव, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे

देहरादून: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड में सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मामले के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव और प्रदर्शन का ऐलान किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए देहरादून पहुंचे।
कांग्रेस का आरोप है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया गया। पार्टी का कहना है कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ शिकायतें देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कांग्रेस इसी के विरोध में सरकार पर दबाव बनाने के लिए मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देहरादून पहुंची हैं। उन्होंने प्रदर्शन को बड़ा शक्ति प्रदर्शन बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सैलजा ने आरोप लगाया कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया और इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
कई नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले कांग्रेस में कई लोगों के शामिल होने का कार्यक्रम भी है। पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने हाल ही में भाजपा से इस्तीफा दिया था। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगी।
हरीश रावत दिल्ली में रखेंगे मौन व्रत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे। उन्होंने कहा है कि यह मौन व्रत उत्तराखंड में छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए होगा।
हल्द्वानी के इस विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मामले में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर की जांच भी पुलिस कर रही है।



