उत्तराखंड

कुमाऊं में खुलेगा अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, खुरपिया फार्म में 50 एकड़ भूमि पर प्रस्ताव; आयुष मंत्रालय से हुई चर्चा

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र को जल्द ही बड़ी स्वास्थ्य और शिक्षा सौगात मिल सकती है। प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आयुष मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने उत्तराखंड में एआईआईए की स्थापना के पक्ष में राज्य सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटचा को बताया कि राज्य सरकार संस्थान की स्थापना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर चुकी है और इसके लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

राज्य सरकार ने संस्थान के लिए ऊधम सिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में 50 एकड़ विवाद रहित भूमि पहले ही केंद्र सरकार को प्रस्तावित कर दी है। सरकार का कहना है कि यह भूमि सभी निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से भी अच्छी तरह जुड़ी हुई है।

मुख्य सचिव ने बैठक में कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में अपनी पहचान रखता है और प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा एवं शिक्षा का मजबूत आधार मौजूद है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित स्थल भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट स्थित है, जिससे यह क्षेत्र समेकित चिकित्सा, शोध और चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार स्थित गुरुकुल आयुर्वेद कॉलेज को उन्नत कर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान बनाने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे आयुष मंत्रालय ने स्वीकार नहीं किया था। अब किच्छा में नए संस्थान की स्थापना को लेकर राज्य सरकार नई पहल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button