उत्तराखंड

रुड़की में दर्दनाक सड़क हादसा: कांवड़ पटरी पर चार बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत; छह घायल

Listen to this News

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रुड़की-कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर बाजूहेड़ी के पास रात करीब 10:30 बजे हुआ। चार बाइकें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर जा गिरे।

हादसे की सूचना मिलते ही कलियर और रुड़की सिविल लाइंस पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। छह घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अयान (18), राजू (24) और राजीव (18) के रूप में हुई है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button