रुड़की: जलभराव ने रोका स्कूल का रास्ता तो नगर निगम में लगी बच्चों की क्लास, अनोखे विरोध से प्रशासन को दिखाया आईना

रुड़की। कृष्णानगर की सड़कों पर जलभराव के कारण स्कूल पहुंचना मुश्किल होने पर शुक्रवार को स्काइवार्ड स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। तीन बसों में सवार होकर सभी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त के कक्ष को ही अस्थायी कक्षा में बदल दिया। ब्लैकबोर्ड लगाया गया और बच्चों को वहीं पढ़ाया गया।
कृष्णानगर की गली नंबर-20 में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। लगातार बारिश के बाद क्षेत्र में पानी भर गया, जिससे स्कूल आने-जाने का रास्ता बाधित हो गया और स्कूल बंद करना पड़ा। पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज स्कूल प्रबंधन बच्चों और अभिभावकों के साथ नगर निगम पहुंचा।
नगर निगम परिसर में शिक्षक बच्चों को पढ़ाते रहे, जबकि अभिभावक और स्थानीय लोग जलभराव की समस्या को लेकर नारेबाजी करते रहे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से शिकायतों के बावजूद जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
कुछ छात्राओं ने बताया कि बारिश के दिनों में पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी यूनिफॉर्म, जूते और किताबें तक खराब हो जाती हैं। बच्चों के अनुसार, जलभराव के कारण स्कूल पहुंचना हर साल चुनौती बन जाता है।
बढ़ते विरोध के बाद नगर निगम अधिकारियों ने क्षेत्र में टैंकर भेजकर पानी निकालने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत के बजाय जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।



