मसूरी में भारी बारिश के बीच भूस्खलन, नौ मंजिला मंदिर के पास पहाड़ी टूटी; यातायात प्रभावित

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को स्प्रिंग रोड पर नौ मंजिला मंदिर के पास अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आने के कारण मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
भूस्खलन के बाद सड़क पर मलबा जमा होने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील स्थानों पर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
इससे पहले भी भारी बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पानीवाला बैंड क्षेत्र में सड़क की सुरक्षा को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाई गई है।
बारिश के दौरान लोगों से संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।



