सशक्त बहना उत्सव: सीएम धामी ने की स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील, बोले- हर खरीद से मजबूत होगी मातृशक्ति

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद राज्य की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीद से महिला समूहों की आजीविका मजबूत होती है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का बेहतर अवसर है। प्रदेशवासी उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और ग्रामीण परिवारों को सीधे सहयोग दे सकते हैं।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों की प्रत्येक खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से खुद स्थानीय उत्पाद खरीदने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।



