उत्तराखंड

देहरादून में बारिश का कहर: बरसाती बहाव में बही कार, दो की मौत; एक युवती को SDRF ने बचाया

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। प्रेमनगर क्षेत्र में तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। घटना में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल अवस्था में मिली, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कंडोली पुल के पास हुआ हादसा

हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तेज बरसाती बहाव में एक कार बह गई है। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।

अंधेरे और तेज बहाव के बीच चला सर्च ऑपरेशन

घटनास्थल पर पहुंचते ही एसडीआरएफ जवानों ने अंधेरे और तेज पानी के बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कार में जयपुर, राजस्थान निवासी 20 वर्षीय अक्षय पुत्र मुकेश और दो युवतियां सवार थीं।

तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती घायल अवस्था में मिली। एसडीआरएफ जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

युवक और दूसरी युवती के शव बरामद

इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान जारी रखा। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अक्षय और एक अन्य युवती के शव बरामद कर लिए। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

तेज बरसाती बहाव और खराब मौसम के बावजूद एसडीआरएफ के जवान पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान में जुटे रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button