हरिद्वार पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत; गंगा पूजन कर लिया आशीर्वाद

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत रविवार को दिल्ली से हरिद्वार पहुंचे। उत्तराखंड पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारसन बॉर्डर से लेकर हरिद्वार तक कई जगह उनका स्वागत किया। इससे पहले रावत ने रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया।
हरिद्वार पहुंचने के बाद हरीश रावत ने स्वामी विवेकानंद गंगा घाट पर पूजा-अर्चना की और मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी बीमारी और उपचार के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने इलाज के दौरान सहयोग करने वाले डॉक्टरों और उनका हालचाल लेने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों का आभार जताया।
पार्टी के फैसले को बताया सर्वोपरि
अपने ओएसडी पर लगे आरोपों को लेकर हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सीबीआई और ईडी का खेल शुरू हो जाता है और कुछ समय बाद इसके पीछे की वजह समझ में आती है।
कांग्रेस में इस्तीफे से जुड़े सवाल पर रावत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और वह जल्द ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। उन्होंने खुद को फिलहाल पार्टी का एक सिपाही बताया।
इस दौरान हरीश रावत ने मीठी बेरी में पुल निर्माण का मुद्दा भी उठाया और सरकार से इस दिशा में ध्यान देने की मांग की।



