देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 के लिए नई पहल, श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु राज्यों में शुरू हुआ हेल्थ अलर्ट अभियान

चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने इस बार नई हेल्थ अलर्ट पहल शुरू की है। यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए देश के विभिन्न राज्यों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष स्वास्थ्य एडवाइजरी अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत उन राज्यों पर खास फोकस किया गया है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं। शुरुआत में राजस्थान के प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुझाव और सावधानियां पहुंचाने की योजना बनाई गई है, ताकि यात्री यात्रा शुरू करने से पहले ही पूरी तरह तैयार रहें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले बीपी, शुगर, हृदय रोग, ऑक्सीजन लेवल और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी जा रही है। साथ ही ठंड, ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी से होने वाली दिक्कतों को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई है। सरकार का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य जोखिम को पहले ही कम करना और आपात स्थिति से बचाव सुनिश्चित करना है।
सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं और राज्य सरकार की एडवाइजरी का पालन करें। अधिकारियों का मानना है कि यह अंतरराज्यीय हेल्थ अलर्ट अभियान चारधाम यात्रा प्रबंधन को एक नया आयाम देगा और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।



