हरिद्वार: कुंभ में हाथी और गुलदार की निगरानी के लिए बनेगा पेट्रोलिंग ट्रैक, 24 घंटे गश्त करेगी वन विभाग टीम

हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। कुंभ मेला क्षेत्र में हाथी, गुलदार और अन्य जंगली जानवरों की घुसपैठ रोकने के लिए दो किलोमीटर लंबा पेट्रोलिंग ट्रैक बनाया जाएगा, जिस पर वन विभाग की टीम 24 घंटे गश्त करेगी। इस परियोजना के लिए कुंभ मेला निधि से 40.99 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक बनने के बाद गश्ती टीमें लगातार निगरानी करेंगी। अगर कोई जंगली जानवर मेला क्षेत्र में प्रवेश करता है तो उसे तुरंत नियंत्रित करने के लिए ट्रैंकुलाइजर टीम भी तैनात रहेगी। खासकर हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।
वन विभाग ने 2021 कुंभ का उदाहरण भी दिया, जब रात के समय एक हाथी आबादी क्षेत्र में घुस आया था और काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ा गया था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पहले से ही मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था बनाई जा रही है।




