क्राइमदेश

लालकिले के पास कार ब्लास्ट से दहली दिल्ली: 8 की मौत, 20 घायल, जांच में जुटी एनआईए-एनएसजी टीमें

Listen to this News

नई दिल्ली। सोमवार देर शाम राजधानी दिल्ली दहल उठी, जब लालकिले के पास अचानक एक हुंडई i20 कार में जोरदार धमाका हुआ। घटना शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट की बताई जा रही है। इस भयंकर विस्फोट में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना स्थल और शुरुआती जांच:
धमाका लालकिले के गेट नंबर-1 के पास हुआ, जब ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से आती कार रुकी ही थी कि अचानक उसमें विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास खड़ी करीब 10 अन्य गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। मौके पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां पहुंचीं और करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क:
घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घेर लिया। एनआईए, एनएसजी, स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटी हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच चल रही है और किसी भी संभावना को नकारा नहीं जा सकता।

कार का सुराग गुरुग्राम से जुड़ा:
जांच में सामने आया कि ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार गुरुग्राम में पंजीकृत थी। पुलिस ने मोहम्मद सलमान नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसने बताया कि उसने यह कार करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली के ओखला निवासी देवेंद्र को बेच दी थी। सलमान ने पुलिस को सभी कानूनी दस्तावेज सौंप दिए, जिससे जांच की दिशा तय हो गई है।

फिलहाल:
धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एनआईए और एनएसजी की टीमें घटनास्थल की गहन जांच कर रही हैं ताकि धमाके के पीछे की साजिश और असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button