मेरठ: हस्तिनापुर के मखदूमपुर घाट पर गंगा में नहाते समय चार किशोर डूबे, तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित मखदूमपुर गंगा घाट पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अंत्येष्टि में शामिल होने आए चार किशोर गंगा में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय अभिषेक, 17 वर्षीय हिमांशु, 15 वर्षीय दीपांशु और 17 वर्षीय प्रियांशु, सभी गांव जलालपुर, थाना इंचौली के निवासी हैं। ये चारों एक व्यक्ति की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए मखदूमपुर घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद चारों गंगा किनारे नहाने लगे।
बताया जा रहा है कि नहाते-नहाते चारों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए, जहां अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें बचाने की कोशिश की तो शोर मच गया। घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हस्तिनापुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। गंगा में चारों किशोरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल देर शाम तक किसी को भी बाहर नहीं निकाला जा सका है।
घटना के बाद गांव जलालपुर और आसपास के इलाके में गम और चिंता का माहौल है। परिजन घाट पर ही डटे हुए हैं और किशोरों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



