बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: कुबेर के खजाने तक पहुंची पुलिस जांच, रिकॉर्ड का हो रहा सूक्ष्म सत्यापन

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अब पुलिस और जांच एजेंसियों ने जांच का दायरा मंदिर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कुबेर के खजाने तक बढ़ा दिया है। जांच टीम खजाने में सुरक्षित रखी गई बहुमूल्य वस्तुओं और उनसे संबंधित अभिलेखों का बारीकी से मिलान कर रही है।
बुधवार को मंदिर में चढ़ावे की नियमित गणना के साथ ही जांच टीम ने कुबेर के खजाने का निरीक्षण किया। विशेषज्ञ लेखाकारों ने पूरे दिन रिकॉर्ड का सूक्ष्म सत्यापन किया, ताकि अभिलेखों में दर्ज नकदी, सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का वास्तविक स्थिति से मिलान किया जा सके।
मामले की निगरानी कर रहे पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि अब तक जिन वस्तुओं का उल्लेख अभिलेखों में दर्ज है, वे सभी खजाने में सुरक्षित मिली हैं। हालांकि जांच अभी जारी है और प्रत्येक रिकॉर्ड का विस्तार से परीक्षण किया जा रहा है।
इस बीच बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि समिति जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दे रही है। उन्होंने मंदिर परिसर के साथ-साथ समिति के विभिन्न विभागों का भी निरीक्षण किया और जांच प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।
गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा लगातार बढ़ाया है। इससे पहले बीकेटीसी से पिछले तीन वर्षों के दान और कुबेर के खजाने से जुड़े रिकॉर्ड भी तलब किए गए थे।



