उत्तराखंड: नया शिक्षा सत्र शुरू, अब तक एक भी मदरसा नहीं हुआ उत्तराखंड बोर्ड से संबद्ध

देहरादून। उत्तराखंड में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक राज्य का एक भी मदरसा उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड से संबद्ध नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में संचालित मदरसों को न तो उत्तराखंड बोर्ड से संबद्धता मिली है और न ही उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल संबद्धता और मान्यता की प्रक्रिया जारी है और केवल उन्हीं मदरसों को अनुमति दी जाएगी जो निर्धारित मानकों को पूरा करेंगे।
बताया गया है कि हरिद्वार जिले से अब तक करीब 10 मदरसों ने अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान के रूप में मान्यता के लिए आवेदन किया है, जबकि राज्य में कुल 452 मदरसे संचालित हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार जुलाई 2026 से मदरसा बोर्ड को समाप्त करने जा रही है, जिसके बाद सभी मदरसों को नई व्यवस्था के तहत उत्तराखंड बोर्ड से संबद्धता और प्राधिकरण से मान्यता लेना अनिवार्य होगा।



