स्पोर्ट्स

रोहतक में दर्दनाक हादसा: राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हार्दिक राठी की गिरते पोल से मौत, हरियाणा में खेल गतिविधियाँ 3 दिन बंद

Listen to this News

हरियाणा के रोहतक में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने खेल जगत को झकझोर दिया। 16 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की प्रैक्टिस के दौरान मौत हो गई, जब एक जर्जर लोहे का बास्केटबॉल पोल अचानक गिरकर उनके ऊपर आ गिरा।

मामला रोहतक के एक स्थानीय ग्राउंड का है, जहाँ हार्दिक अकेले अभ्यास कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि हार्दिक रिंग पर लटकने की कोशिश कर रहे थे, तभी कमजोर पोल संतुलन खो बैठा और पूरी ताकत के साथ उनके सीने पर गिर पड़ा।

पास वाले कोर्ट में खेल रहे खिलाड़ी तुरंत दौड़े और गिरा हुआ ढांचा उठाकर हार्दिक को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हादसे के बाद हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पूरे राज्य में सभी स्पोर्ट्स फेस्टिवल और इवेंट्स को तीन दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हार्दिक हाल ही में राष्ट्रीय टीम के लिए चयनित हुए थे और कुछ ही दिनों पहले ट्रेनिंग कैंप से लौटे थे। उनके पिता संदीप राठी ने हार्दिक और उनके छोटे भाई को पास के क्लब में प्रशिक्षण के लिए दाखिल कराया था, जहां बच्चे नियमित रूप से अभ्यास करते थे।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने हार्दिक के शव को परिवार को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button