एशियन गेम्स 2026: अमन सहरावत ने वर्ल्ड चैंपियन को हराकर जीता गोल्ड, फाइनल में 11-7 से दर्ज की शानदार जीत

नागोया: भारत के स्टार पहलवान अमन सहरावत ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में अमन ने उत्तर कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन हान चोंग सॉन्ग को 11-7 से हराया।
मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अमन ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन अंतिम मिनट में हान चोंग सॉन्ग ने 7-6 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद अमन ने आखिरी 30 सेकंड में जोरदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और मुकाबला 11-7 से जीत लिया।
इस जीत के साथ 23 वर्षीय अमन ने एशियन गेम्स में अपने पदक का रंग बदल दिया। उन्होंने हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में कांस्य पदक जीता था। अब स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारतीय कुश्ती में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।
फाइनल से पहले अमन ने सेमीफाइनल में ताजिकिस्तान के ऐयाल बेलोल्युब्स्की को 14-8 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाले अमन की इस उपलब्धि से भारतीय दल को एशियन गेम्स में एक और स्वर्ण पदक मिला है।



