इजरायली हमलों के बाद लेबनान में हालात बिगड़े, बेरूत से पलायन तेज

बेरूत: इजरायली सेना की चेतावनी और ताज़ा हमलों के बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। मंगलवार को इजरायल द्वारा किए गए कई हवाई हमलों के बाद शहर में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग राजधानी छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलों की खबर फैलते ही बेरूत की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। परिवार अपने बच्चों के साथ कारों में शहर से बाहर निकलने की कोशिश करते दिखे। शहर से बाहर समुद्र किनारे जाने वाली मुख्य सड़क पर किलोमीटरों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई इलाकों में घंटों तक यातायात ठप रहा।
इजरायली सेना का कहना है कि उसके हमलों का निशाना लेबनान में सक्रिय उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह के ठिकाने हैं। सेना के अनुसार, बेरूत में हिजबुल्लाह के कमांड सेंटर और हथियार भंडारण स्थलों को लक्ष्य बनाकर कार्रवाई की जा रही है। अरब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलों से पहले बेरूत के दक्षिणी हिस्से के दो क्षेत्रों में करीब 50 स्थानों को खाली करने के आदेश जारी किए गए थे।
इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह ईरान के समर्थन से उसके खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर रहा है। हालिया घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर इजरायली सेना ने बेरूत और तेहरान में एक साथ हमले करने का दावा भी किया है।
लगातार हमलों और संभावित बड़े सैन्य अभियान की आशंका से लेबनान में भय का वातावरण बना हुआ है। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है, जबकि मानवीय संगठनों ने भी हालात पर चिंता जताई है।



