
देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी विभागों, निगमों और बोर्डों में 66 हजार से अधिक पद खाली होने का मामला सामने आया है। जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों में लंबे समय से रिक्तियां बनी हुई हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों और सेवाओं पर असर पड़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार राज्य में कुल 2,38,956 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से फिलहाल केवल 1,72,639 पदों पर ही कर्मचारी कार्यरत हैं। यानी लगभग 66,317 पद अभी भी खाली हैं।

सबसे अधिक रिक्तियां शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में पाई गई हैं। माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा जैसे विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), पुलिस और अन्य प्रशासनिक विभागों में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं।
आंकड़ों के अनुसार माध्यमिक शिक्षा में 11,167, प्राथमिक शिक्षा में 12,595, चिकित्सा शिक्षा में 2,944 और स्वास्थ्य विभाग में 3,843 पद खाली हैं। वहीं पुलिस विभाग में भी 4,401 पद रिक्त बताए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इन रिक्तियों की जानकारी आईएफएमएस पोर्टल के माध्यम से एकत्र की गई है, ताकि पदों की संख्या और वेतन से जुड़ी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा सके।




